गोंडा। रबी सीजन की बोआई की तैयारी कर रहे किसानों को 50 फीसदी अनुदान पर गेहूं व अन्य फसलों के बीज मिलेंगे। कृषि विभाग के 16 राजकीय बीज गोदामों में 3,946 क्विंटल गेहूं के प्रमाणित बीज की आपूर्ति हो गई है। जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह बताया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज सुलभ कराने के उद्देश्य से वितरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। आधार कार्ड, खतौनी व बैंक पासबुक के साथ पंजीकरण कराकर किसान बीज प्राप्त कर सकते हैं। गेहूं के साथ ही चने के 200 क्विंटल, मटर के 241 तथा मसूर के 175 क्विंटल बीज उपलब्ध हैं। उप निदेशक कृषि प्रेमकुमार ठाकुर ने बताया कि बीज वितरण की निगरानी के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम गठित की गई है। (संवाद)