गोंडा। ओटीएस (एकमुश्त समाधान योजना) को शत प्रतिशत स्तर पर सफल बनाने के लिए अब प्रधान व सभासद भी हिस्सेदारी निभाएंगे। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अफसरों ने ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं तक योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम प्रधानों, नगर निकायों में सभासदों व जनप्रतिनिधियों को इस योजना की जागरूकता व प्रचार प्रसार के कार्य से जोड़ा है।
ओटीएस योजना में बकायेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए पांच श्रेणी तय की गई हैं। जिसमें एक किलोवाट के घरेलू उपभोक्ता, एक किलोवाट से अधिक भार वाले उपभोक्ता, वाणिज्यिक उपभोक्ता, निजी संस्थान, लघु एवं मध्यम श्रेणी के उद्योगों को शामिल किया गया है। जल्दी आएं, ज्यादा छूट पाएं की सोच के आधार पर इस योजना का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता भविष्य कुमार सक्सेना ने बताया कि गांवों में ग्राम प्रधान, नगरीय क्षेत्र में सभासद के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधयों को योजना के प्रचार प्रसार के लिए सीधे तौर पर जोड़ा जा रहा है। ताकि उपभोक्ताओं को इस योजना से मिलने वाले फायदों के बारे में आसानी से समझाया जा सके। बताया कि ओटीएस योजना विद्युत उपभोक्ताओं को उनकी लंबित बकाया बिजली बिल राशि को छूट के साथ एकमुश्त तरीके से निस्तारित करने का मौका देती है।