गोंडा। पुलिस ने गो आश्रय स्थलों में घोर लापरवाही और अनियमितता के आरोप में वांछित चल रहे ग्राम प्रधान भागीरथ पासवान को सेमरा पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय के समक्ष पेश करके उसे जेल भेज दिया गया।
तत्कालीन जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश पर फरवरी में ग्राम पंचायत पकवान गांव तथा ताराडीह स्थित गो आश्रय स्थलों की जांच कराई गई थी। इसमें गोवंशों की देखभाल में गंभीर लापरवाही, अनियमितता, भूसा-चारा व स्वच्छ पेयजल की कमी मिली थी। मृत गोवंशों के उचित निस्तारण में घोर उपेक्षा पाई गई थी। तत्कालीन जिलाधिकारी के आदेश पर दोनों ग्राम पंचायतों के प्रधान, सचिव तथा केयरटेकर के विरुद्ध 28 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। विवेचना में ताराडीह के प्रधान भागीरथ पासवान दोषी पाए गए। पुलिस का कहना है कि अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। (संवाद)