करनैलगंज। करीब एक माह से चल रही तैयारी के बाद सोमवार को मंडी परिसर से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसी के साथ मंडी में व्यापार करने वाले सभी लाइसेंस धारक व्यापारियों को उनकी आवंटित दुकानों में शिफ्ट कराने और बिजली विभाग के सहयोग से निजी बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मंडी सभापति/एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि मंडी में अवैध रूप से संचालित दुकानों को हटाने व लाइसेंसशुदा व्यापारियों को उनकी निर्धारित दुकानों में समायोजित कराने के लिए एक माह के भीतर तीन बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद भी मंडी सचिव व मंडी सहायक द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। अब सोमवार को बुलडोजर लगाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। मंडी के अंदर केवल लाइसेंसधारी व्यापारी ही व्यापार कर सकेंगे। बाहर या गैर आवंटित स्थानों पर दुकान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि मंडी को पूरी तरह नियमानुसार और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाएगा, ताकि व्यापारियों को बेहतर सुविधा मिल सके और व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। (संवाद)