तरबगंज/रुपईडीह/करनैलगंज/मनकापुर। संपूर्ण समाधान दिवस में सोमवार को जिलेभर से पहुंचे फरियादियों ने बिजली, भूमि विवाद, अतिक्रमण, मतदाता सूची और सरकारी जमीन पर कब्जे जैसे मामलों को लेकर अधिकारियों से गुहार लगाई। सबसे मार्मिक शिकायत इटियाथोक क्षेत्र के बरडीहा गांव की रही, जहां के ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग ने लाइन का तार खराब बताकर उतार दिया और नया तार मिलने तक आपूर्ति बहाल करने से इन्कार कर दिया। इससे गांव के लोग 10 दिन से भीषण गर्मी में बिजली के बिना रहने को मजबूर हैं।
जिले की चारों तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस में कुल 627 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 48 का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी विनीत जायसवाल और सीडीओ दयानंद प्रसाद ने शिकायतें सुनीं। तरबगंज में मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल और डीआईजी अशोक कुमार शुक्ल ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
करनैलगंज में सीआरओ रिंकी जायसवाल व एसडीएम नेहा मिश्रा और मनकापुर में एसडीएम न्यायिक अशोक कुमार गुप्ता व सीओ उदित नारायण पालीवाल मौजूद रहे। सदर तहसील में लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र, आवास की चाबी, आयुष्मान कार्ड, पारिवारिक लाभ योजना की सहायता, कृषि बीज तथा टीबी मरीजों को स्वास्थ्य किट वितरित की गई।
नहीं हो रही सुनवाई
सदर तहसील क्षेत्र के कमलाजोत निवासी मिथलेश यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि लेखपाल ने बिना सूचना दिए विपक्षी के दबाव में उनके खेत में एक चकमार्ग निकालकर निर्माण करा दिया। उन्होंने बताया कि कई बार पैमाइश की मांग की, लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई।
सूची से 700 लोगों के काट दिए नाम
धानेपुर के रुद्रगढ़ नौसी निवासी विश्व स्वरूप ब्रह्मचारी ने बताया कि उनके गांव के करीब 700 लोगों के नाम पंचायत की मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। उन्होंने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
मंदिर की भूमि पर हो गया कब्जा
रुपईडीह के तिर्रेमनोरमा निवासी सूरज सिंह उर्फ विश्वजीत ने एक हिस्ट्रीशीटर पर मंदिर की भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हिस्ट्रीशीटर के भय से लोग मंदिर में पूजा-पाठ नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने मंदिर को ट्रस्ट की संपत्ति घोषित कर जीर्णोद्धार कराने की मांग की। मुजेहना के पूरे सिधारी निवासी राघव ने कृषि पट्टे की भूमि पर कब्जा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इटियाथोक के पारासराय निवासी अमरनाथ ने चक की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला उठाया।
शिकायतों की संख्या व निस्तारण की स्थिति
सदर तहसील में 170 शिकायती प्रार्थनापत्र आए। इनमें से सात का मौके पर निस्तारण किया गया। तरबगंज में 241 आईं, इनमें से 22 का मौके पर निस्तारण करा दिया गया। करनैलगंज में 83 में से 15 और मनकापुर तहसील में 133 में से चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
तरबगंज तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याएं सुनतीं कमिश्नर व डीआईजी और सदर तहसील में ला