फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था बेपटरी

Sat, 23 May 2026 11:11 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
मुख्य अ​भियंता बिजली के कार्यालय पर पहुंचे उपभोक्ता। - संवाद 
विज्ञापन
गोंडा। भीषण गर्मी और उमस के बीच जिलेभर में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था चरमरा गई है। शहर से लेकर गांव तक अघोषित कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से लोग परेशान हैं।
विज्ञापन

इटियाथोक, धानेपुर, मनकापुर, पसका, मसकनवा, बेलसर, बालपुर और दुबहा बाजार समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था के चलते लोग जागकर रात काटने को मजबूर हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा फेल नजर आ रहा है।
शुक्रवार रात बालपुर क्षेत्र में करीब एक लाख आबादी को महज दो घंटे ही बिजली मिल सकी, जिससे लोगों में नाराजगी है। बेलसर क्षेत्र की करीब दो लाख आबादी कटौती और लो वोल्टेज की दोहरी मार झेल रही है। बालपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष अब्दुल सईद ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
विज्ञापन

धानेपुर निवासी कमलापति गुप्त ने बताया कि शुक्रवार रात 20 से अधिक बार बिजली ट्रिप हुई। मसकनवा के बगदर फीडर से जुड़े करीब 60 हजार लोगों को 10 घंटे बिजली मिलना भी मुश्किल हो रहा है। संतराम, आशीष सिंह और जगदंबा समेत अन्य उपभोक्ताओं ने नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की है।
बिजली संकट के कारण पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। मोटर और पंप न चल पाने से पानी की समस्या गहरा गई है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली पर आधारित व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
जर्जर तार और ट्रांसफार्मर बने परेशानी की वजह
इटियाथोक और मसकनवा क्षेत्र में वर्षों पुराने जर्जर तार, पोल और ट्रांसफार्मर आपूर्ति व्यवस्था में बाधा बन रहे हैं। दुबहा बाजार के रामापुर गांव में दो महीने से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण करीब 70 घरों में बिजली नहीं पहुंच रही है। अवर अभियंता ज्ञानेंद्र कुमार, शत्रुघ्न सिंह, विकास यादव, विद्यासागर और अमोद कुमार ने बताया कि बढ़ते लोड और तकनीकी खराबियों के कारण समस्या बढ़ी है। उन्होंने जल्द व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया है।
जेई और लाइनमैन की लापरवाही का आरोप
चंदवतपुर विद्युत केंद्र के बालाजी फीडर से जुड़े रुद्रपुर विशेन, केशवपुर पहड़वा समेत कई गांवों के लोगों ने मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। हरिकृष्ण सिंह, मनोज सिंह, गुड्डू सिंह, अरुण सिंह, अमित सिंह आदि लोगों ने आरोप लगाया कि जेई और लाइनमैन की लापरवाही से सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति नहीं हो पा रही है। पहले भी मुख्य अभियंता से शिकायत कर चुके हैं। इसी तरह से झंझरी, आवास विकास और अंबेडकर चौराहा समेत अन्य विद्युत उपकेंद्र क्षेत्रों में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
तुरंत ठीक करा रहे फॉल्ट
मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि बढ़ी हुई बिजली मांग को देखते हुए अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत मिलने पर फॉल्ट तत्काल ठीक कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से बिजली की खपत कम करने की अपील भी की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें