इटियाथोक/बालपुर। बारिश और तेज हवा के बाद मंगलवार रात बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई। इटियाथोक में करीब 20 गांवों की बिजली घंटों गुल रही, जबकि बालपुर क्षेत्र में बुधवार को महज चार घंटे ही आपूर्ति मिल सकी।
मंगलवार रात करीब तीन बजे इटियाथोक के पेट्रोल पंप फीडर से जुड़े दरियापुर, हरदोपट्टी, बहलोलपुर, पांडेयपुरवा, नयेगांव, तारी, परसोहिया और पंडरी पारासराय की बिजली बारिश के कारण बंद हो गई। वहीं, बलरामपुर फीडर से जुड़े बेलवा कर्मडीह, जमुनहीं हरदोपट्टी, संझवल, महराजगंज, कंचनपुर, भानपुर और चांदपुर समेत अन्य गांवों में करीब छह घंटे आपूर्ति बाधित रही।
उपभोक्ता आशीष मिश्र ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे बिजली बहाल हुई। अवर अभियंता अंकुर वर्मा ने बताया कि फाल्ट दूर कर आपूर्ति बहाल करा दी गई है। बालपुर क्षेत्र में हल्की बारिश और तेज हवा के बाद बिजली बाधित होने से उपभोक्ताओं में नाराजगी रही।
खरगूपुर विद्युत उपकेंद्र, अंबेडकर चौराहा, डुमरियाडीह, नवाबगंज, सुभागपुर, आवास विकास और मसकनवा समेत कई क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित रही। अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार यादव ने बताया कि रोस्टिंग के बाद बारिश होने से आपूर्ति प्रभावित हुई। नवाबगंज में 33 केवी लाइन का फाल्ट दुरुस्त करा दिया गया है।