गोंडा में तरबगंज के नागनाथपुरवा में छत पर रखा बिजली का केबल।
गोंडा। जिले में बिजली आपूर्ति की समस्याओं से उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है। बुधवार को सिविल लाइंस विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में इंसुलेटर पंक्चर होने से रानीपुरवा और विष्णुपुरी समेत कई इलाकों की बिजली करीब डेढ़ घंटे तक गुल रही।
अंबेडकर चौराहे स्थित सिविल लाइंस विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में मुर्गी फार्म के पास बुधवार सुबह इंसुलेटर पंक्चर हो गया। इससे सुबह करीब 11:30 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय निवासी अर्जुन कुमार के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे बाद दोपहर एक बजे आपूर्ति बहाल हुई। अवर अभियंता एसपी मिश्र ने बताया कि इंसुलेटर पंक्चर होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। इससे एक दिन पहले मंगलवार को भी सीटी में खराबी के चलते घंटों बिजली गुल रही थी।
उधर, तरबगंज के ढोढेपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के गिरधरपुर मजरे के नागनाथ पुरवा में आंधी-बारिश के दौरान बिजली का पोल टूट गया था। स्थानीय निवासी धनंजय तिवारी, संतोष शुक्ला और देव नरायन तिवारी समेत अन्य उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक पोल नहीं बदला गया है। बिजली की लाइन घरों की छतों के ऊपर से गुजर रही है, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार यादव ने बताया कि संबंधित जेई और एसडीओ को नया पोल लगवाने के निर्देश दिए गए हैं।