गोंडा। डाक विभाग में वर्ष 2024-25 में हुई ग्रामीण डाक सेवकों की भर्ती में 42 अभ्यर्थी फर्जी शैक्षिक अभिलेखों से नियुक्ति पाए थे। बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के हाईस्कूल समकक्ष प्रमाणपत्रों के आधार पर चयनित इन 42 अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेख सत्यापन में फर्जी पाए गए हैं।
इनमें नौकरी कर रहे 22 ग्रामीण डाक सेवकों की सेवा समाप्त कर दी गई है। चार अन्य अभ्यर्थियों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई हो चुकी थी, जबकि 16 चयनित अभ्यर्थियों ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया था।
डाक अधीक्षक एसपी राय ने बताया कि वर्ष 2024-25 में ग्रामीण डाक सेवकों की भर्ती के बाद चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेख सत्यापन के लिए संबंधित बोर्ड को भेजे गए थे। बोर्ड से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट में 42 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी। सोमवार को 22 की सेवा समाप्त कर दी गई। सेवा से निष्कासन के बाद विधिक कार्रवाई को लेकर उच्चाधिकारियों के निर्देश का अनुपालन कराया जाएगा।