गोंडा-बलरामपुर। रेल टिकट की दलाली की सूचना पर आरपीएफ की सीआईबी टीम ने मंगलवार की सुबह बलरामपुर के उतरौला पोस्ट ऑफिस में छापा मारा। छापे के दौरान सीआईबी ने एक बाबू को पोस्ट ऑफिस के रेल आरक्षण काउंटर से रेल टिकट की दलाली के आरोप में पकड़ लिया। बाबू के पास से 32,800 रुपये और नौ आरक्षित टिकट मिला है।
रेलवे सुरक्षा बल के अपराध आसूचना विभाग (सीआईबी) गोंडा के प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार ने हेड कांस्टेबल श्रीराम, कांस्टेबल सुग्रीव के साथ मंगलवार सुबह उतरौला पोस्ट ऑफिस के रेल टिकट बुकिंग काउंटर पर छापा मारा। छापे के दौरान सीआईबी टीम ने काउंटर पर मौजूद अरुण कुमार भारती को टिकट बनाने समय पकड़ा है।
सीआईबी प्रभारी ने बताया कि छापे के दौरान अरुण के पास से नौ आरक्षित टिकट मिले, सभी टिकट मंगलवार को आरक्षित किए गए हैं। इनमें सात टिकट तत्काल के तथा दो टिकट आने वाली तारीख के पाए गए हैं। बताया कि छापे में मिले सभी टिकटों पर यात्रा शेष है।
बरामद टिकट की कीमत 16900 रुपये है। प्रभारी निरीक्षक के मुुताबिक अरुण ने पूछताछ में बताया कि जो व्यक्ति जल्दबाजी में टिकट बनवाने आते हैं वे उसे टिकट बनवाने के लिए अपना फार्म दे देकर चले जाते हैं। उसी फार्म पर टिकट निकाल कर उन्हें बाद में उपलब्ध करवा देता है।
इसके एवज में उसे टिकट की मूल कीमत के अलावा 200 से 500 रुपये मिलते हैं। सीआईबी प्रभारी ने बताया कि बाबू अरुण की तलाशी के दौरान उसके पास से 22,000 रुपये व काउंटर से 14,800 रुपये मिले हैं। जिसे जब्त कर लिया गया है।
पकड़े गए बाबू अरुण कुमार भारती के खिलाफ आरपीएफ कोतवाली बलरापुर में रेलवे अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी अरुण कुमार भारती निवासी कचहरी रेलवे स्टेशन रोड अंबेडकर चौराहा थाना नगर कोतवाली गोंडा का रहने वाला है।
वह लिपिक के पद पर श्रीनगर पोस्ट ऑफिस बाबागंज में तैनात हैं। बताया कि अरुण उतरौला पोस्ट ऑफिस में टिकट काउंटर पर अनधिकृत तौर पर टिकट बनाने का काम करता है। उसका सितंबर 2019 में उतरौला पोस्ट ऑफिस से बाबागंज पोस्ट ऑफिस में स्थानांतरण हो गया था। यहां से वह कार्यमुक्त भी किया जा चुका था।