मुजेहना/मोतीगंज। मोतीगंज के तेंदुआ मोहिनी में आयोजित शिव महापुराण कथा के समापन पर बुधवार को प्रस्तावित शोभायात्रा को पुलिस ने रोक दिया। इससे आयोजकों में आक्रोश है।
आयोजक शुभम सोनी ने बताया कि शोभायात्रा की अनुमति के लिए पूर्व में थाना व एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया गया था।
यात्रा की तैयारी कर ली गई थी और हाथी-घोड़ा, पालकी व गाजे-बाजे की व्यवस्था की गई थी। आरोप है कि पुलिस फोर्स ने पहुंचकर यात्रा रुकवा दी है। क्षेत्राधिकारी सदर शिल्पा वर्मा ने मौके पर पहुंचकर आयोजकों से वार्ता की और शोभायात्रा न निकालने पर सहमति बनवाई।
इस दौरान मोतीगंज, धानेपुर व कोतवाली देहात थाने की पुलिस तैनात रही। सीओ ने बताया कि कथा व भंडारे की अनुमति थी, लेकिन शोभायात्रा की अनुमति नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नायब तहसीलदार चंदन की अगुवाई में एहतियातन पुलिस बल तैनात है।