फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: रातभर सड़कों पर रही पुलिस, लेकिन चोरों की दहशत कायम

Tue, 16 Sep 2025 11:32 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
 करनैलगंज क्षेत्र में लोगों को जागरूक करते एसपी विनीत जायसवाल। स्रोत: पुलिस मीडिया सेल 
विज्ञापन
गोंडा। जिले में चोरों की दहशत लोगों के दिल व दिमाग में इस कदर बैठ गई है कि रातों की नींद उड़ गई है। गली-मोहल्लों से लेकर सड़कों तक लोग लाठी-डंडे लेकर पहरा दे रहे हैं। सोमवार को रात 12 बजे से भोर चार बजे तक जिलेभर में पुलिस सड़कों पर मुस्तैद रही। एसपी विनीत जायसवाल ने शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों को सुरक्षा का एहसास का भरोसा दिया।
विज्ञापन

एसपी ने कहा कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल यूपी 112 या नजदीकी थाने-चौकी पर दें। पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। किसी भी दशा में कानून अपने हाथ में न लें। उन्होंने कहा कि रात में पैदल गश्त के साथ ही सभी तरह की सक्रियता बढ़ाई गई है। किसी को डरने की जरूरत नहीं है। मगर कई क्षेत्रों से लूट व चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस परेशान नजर आई है।
लूट की सूचना पर पहुंचे सीओ

बेलसर। तरबगंज के आजाद नगर में सोमवार शाम छह बजे निजी स्कूल की शिक्षिका सीमा शुक्ला (26) के घर में तीन बदमाश घुस गए और उनके गले पर चाकू रखकर नथुनी व मंगलसूत्र लूट ले गए। सूचना पर सीओ तरबगंज डॉ. उमेश्वर प्रभात सिंह व कोतवाल कमलाकांत त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। सीमा के पति श्रीभगवान शुक्ल ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। (संवाद)
विज्ञापन

नकदी व जेवर चोरी का आरोप
मुजेहना। धानेपुर के डेबरी कला तिवारीपुरवा निवासी श्रीमती ने आरोप लगाया कि सोमवार शाम चोरों ने घर में घुसकर उन्हें बंधक बना लिया। फिर कोई नशीला पदार्थ सुंघाने के बाद बक्से से 25 हजार रुपये की नकदी व जेवर निकालकर भाग गए। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि महिला को होश आने पर पूछताछ की गई है। चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। (संवाद)
नकदी व गहने चोरी, एक संदिग्ध को पकड़ा
इटियाथोक। थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने सोमवार रात विरमापुर, करुआपारा, सिसई बहलोलपुर में लोगों को ड्रोन व चोरी की अफवाह के प्रति जागरूक किया। वहीं, मकदूमपुरवा लखनीपुर के शेषराम यादव ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि सोमवार रात कमरे का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर जेवर व नकदी चुरा ले गए। वहीं, मंगलवार दोपहर खरगूपुर के महराजगंज बाजार में लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। जानकीनगर चौकी प्रभारी शेषनाथ पांडेय ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। (संवाद)
छत के रास्ते घुसे चोर, तोड़ी आलमारी
कटरा बाजार। नगर पंचायत के वार्ड 11 दलाल टोला निवासी फजिरूननिशा ने बताया कि सोमवार शाम सात बजे छत के रास्ते से घर में घुसे चोरों ने आलमारी का ताला तोड़ दिया। वह पकड़ने के लिए आगे बढ़ीं तो चाकू लेकर उन्हें दौड़ा लिया। इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। कोई नुकसान नहीं हुआ है। छानबीन की जा रही है। (संवाद)
दिनदहाड़े नकदी व जेवर चोरी
गौरा चौकी। कोल्ही गरीब निवासी सायमा ने बताया कि मंगलवार सुबह घर में ताला लगाकर मायके गई थीं। करीब 12 बजे लौटीं तो घर में चोरी होने की जानकारी मिली। सारा सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी खुली थी। चौकी प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि सूचना मिली है। छानबीन की जा रही है। (संवाद)
दिनभर अलग-अलग थानों में हुईं बैठकें
पुलिस ने परसपुर, नवाबगंज व अन्य थानों में मंगलवार को क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के साथ बैठकें की। परसपुर थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया गांव-गांव व क्षेत्रवार व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं। इनमें प्रधान, बीडीसी सदस्य, चेयरमैन व सभासदों को जोड़ा है। उन्होंने कहा कि डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस हर संदिग्ध पर नजर रख रही है। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें