गोंडा-बहराइच की सीमा पर पुलिस का पहरा
चेकिंग के बाद ही जनपद में हो रही एंट्री
करनैलगंज (गोंडा)। गोंडा-बहराइच की सीमा पर ग्राम छितौनी के पास लगातार पुलिस का पहरा जारी है। सीमा पर अंदर आने वाले प्रत्येक वाहनों की चेकिंग और वजह पूछने के बाद ही उन्हें आने की इजाजत दी जा रही है। अन्यथा की स्थिति में उन्हें बैरंग वापस किया जा रहा है। गोंडा बहराइच की सीमा पर पुलिस क्षेत्राधिकारी कृपाशंकर कनौजिया, कोतवाल के केके राणा, चौकी प्रभारी भभुआ मनोज राव भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मंगलवार की रात्रि से ही डट गए और अवैध तरीके से वाहनों के संचालन पर रोक लगाई। बिना चेकिंग के किसी भी वाहन को जिले में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। आवश्यक वस्तुओं की लोडिंग करने वाले या किसी बीमार व्यक्ति का इलाज कराने के लिए आने वाले के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों को आने की अनुमति दी जा रही है। इसके अतिरिक्त किसी भी वाहनों का प्रवेश जिले में नहीं होने दिया जा रहा है। सीओ ने बताया कि किसी भी दशा में लॉक डाउन का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा।
बैंक डिटेल अपडेट करने को व्हाट्सएप नंबर जारी
करनैलगंज (गोंडा)। देवीपाटन मंडल के उप श्रम आयुक्त रचना केसरवानी ने कोरोना वायरस का फैलाव रोकने व लॉक डाउन के चलते पंजीकृत सभी श्रमिकों को बैंक डिटेल अपडेट कराने के लिए हेल्पलाइन नम्बर व व्हाट्सएप नम्बर जारी किया है। उन्होंने जारी किए गए पत्र में कहा है कि गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच के निर्माण, कर्मकार श्रमिक जो श्रम विभाग से पंजीकृत हैं। वह अपना बैंक डिटेल अपडेट कराना चाहते हैं। तो अपने बैंक पास बुक की स्कैन कापी के साथ अपना नाम/पिता का नाम पंजीयन संख्या वाट्सएप नं 6390805291 पर भेज सकते हैं। उन्होंने भवन निर्माण या किसी भी प्रकार के निर्माण को कराने वाले भवन स्वामी या ठेकेदार से भी अपील की है कि उनके यहां काम करने वाले श्रमिकों की डिटेल भिजवाये जिससे शासन के निर्देशों पर श्रमिकों को मिलने वाली सुविधाएं को मुहैया कराया जा सके।