गोंडा। डीआईजी देवीपाटन मंडल उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा है कि पुलिस कर्मियों को उनके वेतन से होने वाली कटौती के विषय में सूचना दी जाए। प्रतिमाह पे-स्लिप उपलब्ध कराई जाए, जिससे कर्मचारियों को पूरी जानकारी हो सके। कर्मचारियों के लिए चिकित्सा प्रतिपूर्ति, टीए/ डीए, जीपीएफ आदि के भुगतान को लेकर बजट की मांग भी समय से करें। शुक्रवार को डीआईजी ने पुलिस कार्यालय का निरीक्षण करते हुए ये बातें कहीं।
उन्होंने पुलिस लाइंस सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, अभिलेखों को बेहतर करने का निर्देश दिया। डीआईजी के पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पहुंचने पर परेड की सलामी दी गई। टोलीवार बारीकी से निरीक्षण कर डीआईजी ने पुलिसकर्मियों का टर्नआउट चेक किया। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी कर्तव्य निष्ठा के साथ करने तथा जनता से मधुर व्यवहार स्थापित करने के लिए निर्देश दिया। रिजर्व पुलिस लाइन, शस्त्रागार, स्टोर रुम, बैटमिंटन कोर्ट, परिवहन शाखा, किड्स जोन, बैरकों, आवासीय क्षेत्र, भोजनालय, कैंटीन, डीसीआर, यातायात कार्यालय आदि का भ्रमण कर अभिलेखों को चेक किया।
पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर प्रधान लिपिक शाखा, आंकिक शाखा, अपर पुलिस अधीक्षक शाखा, क्षेत्राधिकारी लाइन/नगर शाखा, महिला शिकायत प्रकोष्ठ, डीसीआरबी, अपराध शाखा विशेष किशोर पुलिस इकाई, एएचटीयू, स्थानीय अभिसूचना इकाई, आगंतुक हेल्प डेस्क, आईजीआरएस शाखा, जन शिकायत प्रकोष्ठ, सीसीटीएनएस विधिक शाखा विशेष जांच प्रकोष्ठ, साइबर सेल, मॉनीटरिंग सेल, वाचक कार्यालय व सोशल मीडिया सेल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक को आवासीय परिसर में जल की निकासी के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। आवासों की रंगाई-पुताई के लिए बजट मंगवाने को कहा। पुलिस लाइंस की बैरकों में बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए निर्देशित किया। डीआईजी ने पुलिस लाइंस में बेहतर साफ-सफाई कराने, भोजनालय में आरओ व कूलर सही कराने का निर्देश दिया। मेस का भोजन अच्छा मिलने पर कुक को नकद पुरस्कार स्वीकृत किया। पुलिस कार्यालय में चरित्र पंजिका के रख-रखाव को और बेहतर करने एवं बैंक खातों की पास बुक को अद्यावधिक कराते हुए रजिस्टर में इंट्री करने का निर्देश दिया। एसपी संतोष कुमार मिश्रा, एएसपी शिवराज सहित अन्य मौजूद रहे।