गोंडा। अमर उजाला के गांव महोत्सव में शनिवार दोपहर एसपी विनीत जायसवाल ने साइबर सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा, पुलिस डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कार्रवाई नहीं करती है। ऐसे में हर किसी को सजगता बरतने की जरूरत है। न तो किसी से अपना पासवर्ड शेयर करें और न ही किसी के बहकावे में आएं। फोन पर आने वाली कॉल की सत्यता की जांच अवश्य करें।
एसपी ने कहा, ऑनलाइन खातों के लिए मजबूत पासवर्ड बनाएं। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफार्म जैसे व्हाट्सएप, एक्स, फेसबुक पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक न करें क्योंकि कोई भी व्यक्ति आसानी से इसका दुरुपयोग कर सकता है। कोई भी एप डाउनलोड करते समय प्राइवेसी संबंधी ऑप्शन का भली-भांति अवलोकन करने के बाद ही सहमति व असहमति देते हुए प्रक्रिया पूर्ण करें।
एसपी ने कहा, लॉटरी लगने की कॉल करने वालों को कभी भी अपनी बैंक की डिटेल शेयर न करें। डिजिटल अरेस्ट से बचाव के लिए एसपी ने कहा, किसी भी अनजान कॉल व मैसेज पर प्रतिक्रिया न दें। बीमा कंपनी, नौकरी के लिए कॉल आने पर बिना सत्यापन किए कोई जानकारी न दें। टावर लगाने के नाम पर भी लोगों से ठगी की जाती है, इससे बचने के लिए किसी अज्ञात बैंक खाते में रकम न जमा करें।
ये भी ध्यान रखें
-ऑनलाइन लेनदेन में सावधानी बरतें।
- किसी भी अनजान फोन कॉल पर अपनी बैंक डिटेल, ओटीपी, बायोमीट्रिक डाटा, पैन व आधार कार्ड की डिटेल किसी के साथ साझा न करें।
- सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
- अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
- अपने डिवाइस को सुरक्षित रखें।
- ऑनलाइन शॉपिंग में सुरक्षित वेबसाइट्स का उपयोग करें।
- पासवर्ड को मजबूत और गुप्त रखें।
- ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखें।
- साइबर बुलिंग और साइबर स्टॉकिंग के मामलों में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
- ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों में कंपनी प्रबंधन और पुलिस को सूचित करें।
- साइबर क्राइम की रिपोर्ट करने के लिए हेल्प लाइन नंबर 1930 का प्रयोग करें।