सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती छात्राएं। स्रोत:
गोंडा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में शनिवार को हिंदी दिवस को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य उपमा वर्मा ने किया।
संगीत विभाग की शिक्षक किरण पांडेय व जया त्रिपाठी के निर्देशन में छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्राचार्य डॉ. आरती श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि को पौधा भेंटकर व अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। वक्ताओं ने हिंदी का महत्व समझाया। वहीं, हिंदी ज्ञान एवं साहित्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। इसमें आठ इंटर कॉलेजों की टीमों ने प्रतिभाग किया। एम्स इंटरनेशनल स्कूल ने प्रथम, पीएमश्री जीजीआईसी ने द्वितीय तथा एम्स इंटर कॉलेज और सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटरमीडिएट कॉलेज ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में 12 छात्राओं ने भाग लिया। इनमें सारिका नाग प्रथम, कशिश सिंह द्वितीय और सानिया प्रवीण तृतीय रहीं। निर्णायक मंडल में आराधना मिश्रा, आशा पांडेय और प्रतिभा त्रिपाठी शामिल रहीं।
कर्ण की वेदना ने मन मोहा
अंशिका कौशल और निशा ने ‘कर्ण-श्रीकृष्ण संवाद’ के माध्यम से कर्ण की पीड़ा और अंतरद्वंद्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। निशा ने अभिनय व संवाद के माध्यम से कर्ण के जीवन में मिले तिरस्कार और वेदना को जीवंत कर दिया। प्रिया शर्मा, सुनीता तिवारी, रोहिणी शर्मा, शिवानी यादव, डॉली, दीपाली दुबे, महिमा यादव, अंकिता ने संत कबीर और रहीम के नीति व जीवन-मूल्यों से जुड़े दोहों की संगीतमय प्रस्तुति दी। इस दौरान डॉ. आशु त्रिपाठी, संज्ञा पांडेय, कशिश सिंह, श्रद्धा तिवारी, सीमा वर्मा, शिवानी मिश्रा, निशा आदि मौजूद रहीं।