करनैलगंज सीएचसी परिसर में चौकी प्रभारी राजीव कनौजिया को हिदायत देते विधायक अजय सिंह। स्रोत: वीड
करनैलगंज। सीएचसी में कार्यक्रम के बाद रविवार दोपहर दो बजे भाजपा विधायक अजय सिंह बाहर निकले तो एकाएक कस्बा चौकी प्रभारी राजीव कनौजिया सामने आ गए। विधायक ने चौकी प्रभारी से कहा कि सुधार लीजिए, आपकी बहुत शिकायतें मिल रही हैं। आपसे ज्यादा शिकायतें किसी अन्य चौकी इंचार्ज की नहीं हैं।
विधायक यहीं नहीं रुके, कहा कि मैंने कोतवाल को बोल दिया है, कप्तान से भी बात करूंगा। भाजपा कार्यकर्ताओं को देखकर आप जो रंग और भाषा बदलते हैं, उसमें सुधार कर लीजिए नहीं तो हम बदलेंगे तो ठीक नहीं होगा। दरअसल, पार्टी कार्यकर्ताओं ने चौकी प्रभारी की कारगुजारी को लेकर विधायक से शिकायत की थी। यही नहीं, जीएसटी को लेकर करनैलगंज नगर में भाजपाइयों ने यात्रा निकाली थी। इसमें भी सुरक्षा प्रबंध को लेकर लापरवाही पर विधायक ने नाराजगी जताई थी। विधायक की चौकी प्रभारी को नसीहत का वीडियो वायरल होने के बाद लोग सोशल मीडिया पर अपनी राय जाहिर कर रहे हैं। हालांकि मामले में पुलिस कुछ भी कहने से कतरा रही है।