करनैलगंज। तीन दिवसीय सांसद खेल स्पर्धा का भव्य आयोजन शनिवार को सरयू डिग्री कॉलेज के खेल मैदान में हुआ। मुख्य अतिथि कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद करण भूषण सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
खेल महोत्सव के तीसरे चरण में करनैलगंज और परसपुर विकास खंड के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मैदान में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, 200 मीटर दौड़, लंबी कूद समेत कई प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर तालियां बटोरीं। सांसद खेल स्पर्धा में 400 मीटर दौड़ सीनियर बालक वर्ग में परसपुर ब्लॉक से आदर्श सिंह प्रथम, वैभव सिंह द्वितीय, आशीष सिंह तृतीय स्थान, करनैलगंज ब्लॉक से रामजी पाठक प्रथम, कमलराज सिंह द्वितीय, अबू सुल्तान तृतीय स्थान मिला।
400 मीटर दौड़ में जूनियर बालक वर्ग में परसपुर से रामकृष्ण यादव प्रथम, सालिक सिंह द्वितीय, श्रवण यादव तृतीय स्थान, करनैलगंज ब्लॉक में रौनक कश्यप प्रथम, राजवीर सिंह द्वितीय, सनी तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ सीनियर बालिका वर्ग में सौम्या पांडेय प्रथम, रानिष्का सिंह द्वितीय, मैनाज खातून तृतीय स्थान, 200 मीटर दौड़ जूनियर बालिका वर्ग करनैलगंज ब्लॉक से मोनिका राजपूत प्रथम, रोशनी द्वितीय, दिव्यांशी तृतीय स्थान, परसपुर ब्लॉक से ऋचा शर्मा प्रथम, कीर्ति सिंह द्वितीय, मौसमी तृतीय स्थान पर रहीं।
खेल स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्पर्धा के अंतिम दिन में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह, परमेश्वर सिंह, अशोक सिंह, राहुल चौहान, विवेक सिंह, गुड्डू सिंह, डॉ. आरबी सिंह, संदीप सिंह समेत सैकड़ों खिलाड़ी और दर्शक मौजूद रहे।
65 हजार खिलाड़ियों ने कराया नामांकन
सांसद ने कहा कि कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र से 65 हजार खिलाड़ियों ने नामांकन कराया है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करने के पक्षधर थे। सांसद खेल स्पर्धा उसी दिशा में एक सशक्त कदम है। सांसद ने कहा कि वह कैसरगंज क्षेत्र के खिलाड़ियों को भी ओलंपिक में खेलकर देश का नाम रोशन करने और गोल्ड मेडल जीतने का सपना पाल रखे हैं।
सीएचसी मामले में होगी कार्रवाई
कैसरगंज सांसद ने बताया कि करनैलगंज सीएचसी में मरीजों को भोजन और नाश्ता न मिलने का मामला उनके संज्ञान में है। इसके लिए दोषी लोगों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।