गोंडा। शहर के मोहल्लों में जलभराव की समस्या को दूर करने के साथ ही सड़कों को दुरुस्त करने की योजना मंजूर हुई है। करीब 3.44 करोड़ के बजट से इंटरलॉकिंग व नाली के निर्माण की परियोजनाओं पर काम शुरू हो गया है। इससे 27 वार्ड में 69 परियोजनाएं मंजूर की गई हैं जिनके निर्माण की कार्रवाई शुरू हो गई है। ईओ नगर पालिका विकास सेन ने बताया कि शहर के विकास की योजनाओं के लिए टेंडर की प्रक्रिया जारी कर दी गई है।
शहर अब विकास में किसी से पीछे नही रहेगा। कैसरगंज सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह ने बताया कि शहर में अच्छी सड़कों को देने के लिए विशेष प्रयास हो रहे हैं। सदर विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह ने इसके पहले भी शहर में विधायक निधि से फोरलेन के डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट लगवाने का काम किया है। इसके अलावा बस स्टाप की सड़क, डाकघर से हाउसिंग कॉलोनी की सड़क, एलबीएस चौराहे से मनकापुर बस स्टाप तक अच्छी सड़क शहर के लोगों के लिए नपाप के 14 वें वित्त से समन्वय स्थापित करके कार्य कराया है। नगर पालिका के सभी वार्डों में अच्छी सड़कें बनवाने के लिए नई परियोजनाएं शुरू की गई है। इसके अलावा चौराहों के विकास की पहल की जा रही है। दो सालों में शहर का कायाकल्प किया गया है।