करनैलगंज (गोंडा)। करनैलगंज-जरवलरोड मार्ग पर स्थित जहंगिरवा क्रॉसिंग का गेट पिकअप की टक्कर से शनिवार को टूट गया। जिससे डीआईजी देवीपाटन मंडल की गाड़ी सहित 100 से अधिक वाहन जाम में फंस गए। सरयू रेलवे स्टेशन के पास गोंडा-लखनऊ मार्ग पर जहंगिरवा रेलवे क्रॉसिंग के गेट संख्या 288 ए पर तैनात गेटमैन आशुतोष कुमार ने बताया कि शनिवार को गोरखपुर-सिकदंराबाद एक्सप्रेस गुजरने वाली थी। इसलिए वह गेट बंद कर रहा था।
तभी जरवल की ओर से आ रही एक पिकअप ने क्रॉसिंग पार करने के चक्कर में गेट में टक्कर मार दी। जिससे गेट टूट गया। देखते ही देखते 100 से अधिक वाहनों की लाइन लग गई। इससे डीआईजी देवीपाटन मंडल डॉ. राकेश प्रताप सिंह का वाहन भी फंस गया। काफी मशक्कत के बाद गेटमैन ने आपातकालीन गेट बंद कर ट्रेन को रवाना किया किया। इस बीच घंटो वाहन जाम में फंसे रहे।