करनैलगंज (गोंडा)। बसालतपुर गांव में बुखार से पीड़ित परिवार के लोगों का इलाज करने गई स्वास्थ्य टीम के कर्मचारियों पर एक अधिवक्ता ने हंगामा करने का आरोप लगाते हुए सीएमओ से मामले की जांच कराकर कार्यवाही की मांग की है।
सीएचसी हलधरमऊ क्षेत्र के बसालतपुर गांव के निवासी अधिवक्ता अमरेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि उनके परिवार के उत्कर्ष चतुर्वेदी एवं प्रतिमा चतुर्वेदी सहित पूरे परिवार के सदस्य बुखार से पीड़ित थे। जिसकी सूचना उन्होने डीएम व सीएमओ को दी। जिसपर सीएचसी हलधरमऊ से एचएस आर्य ओझा, अजय कुमार सिंह, जितेंद चौबे, राहुल पांडेय, अभिषेक सिंह, आशा अरुणा शुक्ला के साथ संगिनी उमा सिंह की टीम मौके पर पहुंची। जिसमे से कुछ कर्मी बीमार लोगों का उपचार करने लगे।
इसी बीच टीम में शामिल दो लोगों ने महिलाओ से अभद्रता करते हुए बच्चों को खींचते हुए घर से बाहर निकाल लाए और बोले इसमें से एक भी मरे नही हैं। फिर भी पूरी टीम बुला लिया। जिस पर गांव के लोग आक्रोशित हो गए। अधिवक्ता ने बताया कि मामला गंभीर होता देखकर उन्होंने सीएमओ को सूचित किया। इसके बाद मौके पर पहुंचे सीएचसी अधीक्षक एसपी वर्मा ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और दोषी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया।
अधिवक्ता अमरेश कुमार चतुर्वेदी ने सीएमओ से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। सीएचसी अधीक्षक एसपी वर्मा का कहना है कि जिनपर आरोप लगाए जा रहे है वह स्वास्थ्य टीम के कर्मी ही नही हैं। इसलिए उसका टीम कर्मियों ने कोई मतलब नही है।