पेट्रोल खत्म होने पर बाइक लेकर पैदल जाता युवक।
गोंडा। जिले में पेट्रोल व डीजल का संकट खत्म नहीं हो रहा है। रास्ते में पेट्रोल खत्म होने पर किसी को बाइक लेकर पैदल चलना पड़ा तो कोई वाहन में पेट्रोल खत्म होने के बाद पंप पर ही बैठकर घंटों तक इंतजार करता दिखा। बीमारी या आपात स्थिति में भी आमजनों को 100 या दो सौ रुपये का पेट्रोल भी नहीं मिल पा रहा है। जिला पूर्ति विभाग के अधिकारी फोन तक रिसीव नहीं कर रहे हैं।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे जिलाधिकारी आवास के सामने पेट्रोल पंप पर मंडईया निवासी धर्मराज अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भराने के लिए पहुंचे तो कर्मचारी ने बताया कि पेट्रोल खत्म हो गया है। शाम तक मिलने की उम्मीद है। धर्मराज ने बताया कि सास फूलन देवी (65) के पैर में दिक्कत है।
भटनइया स्थित ससुराल में किसी के न होने की स्थिति में बीमार सास को डॉक्टर को दिखाने जा रहे थे। मगर मोटरसाइकिल में पेट्रोल खत्म हो गया। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि जिलापूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी पेट्रोल पंपों पर नजर रखी जा रही है।
गैस सिलिंडर लेने गए थे रास्ते में पेट्रोल हुआ खत्म
देहात कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर चंदीपुर निवासी मनोज सिंह बुधवार को अपनी मां के साथ गैस लेने के लिए मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल में पेट्रोल खत्म हो गया। आईटीआई चौराहा, गुरुनानक चौक, जिलाधिकारी आवास, अंबेडकर चौराहा आदि पंपों पर चक्कर लगाए मगर पेट्रोल नहीं मिला। उन्होंने बताया कि वृद्ध मां को गैस सिलिंडर लेने के लिए लाइन में लगाकर पेट्रोल पंपों की खाक छाननी पड़ी।