जिला पंचायत सदस्य के पति के घर के बाहर तैनात फोर्स।
परसपुर। परसपुर पंचम से जिला पंचायत सदस्य अनामिका सिंह के पति भूपेंद्र सिंह को गोली मारने के मामले में चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने जानलेवा हमला समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
एएसपी पश्चिमी ने बुधवार को पुलिस टीम के साथ लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती भूपेंद्र से मिलकर उनकी सेहत के साथ ही घटना की जानकारी ली। भूपेंद्र की लिखित शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वारदात के तीसरे दिन बुधवार को भी भूपेंद्र के घर पर एहतियातन पुलिस तैनात रही।
परसपुर के डेहरास गजराजपुरवा निवासी भूपेंद्र प्रताप सिंह ने तहरीर में बताया कि निमंत्रण में जाते समय कटहा घाट-डेहरास मार्ग पर वैभव सिंह उर्फ सोनू सिंह निवासी डेहरास व अखिलेश प्रताप सिंह उर्फ मुकुंद सिंह निवासी सरैंया नान्हू ने अपने दो साथियों संग उनकी गाड़ी पर फायरिंग की।
गोली एसयूवी के शीशे को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। इससे एसयूवी का नियंत्रण बिगड़ गया। बताया कि गेट खोलकर भागते समय वैभव सिंह ने उन पर फायर कर दिया। गोली पेट में लगने के कारण वह गिर गए। राहगीर एकजुट हुए तो आरोपी भाग गए। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।