गोंडा के जिलाधिकारी आवास के सामने पेट्रोलपंप पर खत्म डीजल-पेट्रोल। -संवाद
गोंडा। शहर के कई प्रमुख पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो गया है। ऐसे में इन पंपों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। जिन पंपों पर ईंधन उपलब्ध है, वहां लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी आवास, मेडिकल कॉलेज और बलरामपुर रोड पर जयनगरा के पास समेत जिले के 29 पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो गया।
अंबेडकर चौराहा स्थित पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने के लिए वाहनों की कतार करीब 500 मीटर तक पहुंच गई। लखनऊ रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बड़ी संख्या में किसान और बाइक सवार घंटों लाइन में खड़े रहे। माधोपुर निवासी संजय ने बताया कि डीजल न मिलने से गन्ने की फसल सूखने लगी है। दो दिन लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ा, जबकि शुक्रवार को भी एक घंटे से अधिक समय से लाइन में लगे रहे। ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर भी हालात खराब हैं। वहां भी लंबी कतारों के बीच लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
वहीं, मुंडेरवा कला स्थित एक पंप पर पेट्रोल लेने की होड़ में दो युवकों में मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है।
जिला आपूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि टैंकरों की संख्या बढ़ाकर ईंधन की आपूर्ति नियमित करने का प्रयास करें, ताकि जल्द ही स्थिति सामान्य हो सके।