गैसड़ी ब्लॉक के पुरैना गांव में शनिवार को मनरेगा श्रमिकों ने बकाया मजदूरी भुगतान को लेकर बीडीओ के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से डीएम को शिकायती पत्र भेजकर तत्काल बकाया भुगतान कराने की मांग की है।
पुरैना गांव के मनरेगा श्रमिक दिनेश कुमार, कन्हैया लाल, चिनके, पहलवान, कमला, सुखना, फेरन, सुखराजी, लीला देवी, राजेश आदि ने एक माह से बकाया मजदूरी का भुगतान न होने पर बीडीओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
श्रमिकों का आरोप है कि एक माह पहले गांव के तालाब का सौंदर्यीकरण कराया गया है। इसमें श्रमिकों ने मजदूरी की मगर उन्हें भुगतान पाने के लिए ग्राम प्रधान के घर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
ब्लॉक के बीडीओ, सचिव, कार्यक्रम अधिकारी व अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी से भुगतान के बारे में कई बार शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं हुई।
ग्राम प्रधान पुष्पा देवी ने श्रमिकों को बताया कि मजदूरी भुगतान के लिए कार्यक्रम अधिकारी के माध्यम से बीडीओ को बिल उपलब्ध करा दिया है।
बीडीओ हरिनारायण ने बताया कि सभी श्रमिकों के बैंक खाते में मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है। मामले की शिकायत मिली है। जांच कराकर शीघ्र ही मजदूरी के भुगतान की व्यवस्था कराई जाएगी।
डीएम प्रीति शुक्ला ने मनरेगा उपायुक्त शेषमणि सिंह को मामले की जांच का निर्देश दिया है। साथ ही जिले के सभी नौ ब्लॉकों के बीडीओ को मनरेगा के कार्य में तेजी लाने व श्रमिकों के तत्काल मजदूरी का भुगतान कराने का भी निर्देश दिया है।