अषाढ़ मास शुक्लपक्ष की प्रथमा तिथि को शुरू हुए गुप्त नवरात्र को लेकर लोगों में भारी उत्साह दिखा। देवीपाटन शक्तिपीठ तुलसीपुर में भी भक्तों की काफी भीड़ रही। लोगों ने पवित्र सूरजकुंड में स्नान कर मां पाटन देवी के दर्शन व पूजन कर सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
शारदीय तथा वासंतिक नवरात्र के अलावा सनातन धर्म में गुप्त नवरात्र का भी विशेष महत्व है। ऐसी मान्यता है कि गुप्त नवरात्र में आदि शक्ति मां दुर्गा की पूजा कर सच्चे मन से मांगी गई मुराद अवश्य पूरी होती है।
मंगलवार को शुरू हुए गुप्त नवरात्र के दिन देवीपाटन शक्तिपीठ में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने शक्तिपीठ के पवित्र सरोवर में स्नान कर मां पाटेश्वरी की पूजा अर्चना की और सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। देवी मंदिर में देर शाम तक भक्तों की भीड़ लगी रही।