जैसे-जैसे बारिश हो रही है, वैसे-वैसे ही गोंडा से इटियाथोक सड़क की हालत भी खस्ता होने लगी है। सोमवार को लगातार पांचवें दिन भी तालाब में तब्दील हुई सड़क के दलदल में ट्रक फंसे रहे। जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को दिक्कतें उठानी पड़ीं। उधर, इटियाथोक में तालाब बनी इस सड़क को लेकर पीडब्लूडी महकमा पूरी तरह अंजान है।
मालूम हो कि गोंडा-बलरामपुर रोड पर इटियाथोक कस्बे में बिजलीघर के ठीक सामने पूरी सड़क के तालाब में तब्दील हो गई। इससे चार दिन पहले इटियाथोक-गोंडा मार्ग पर रामदेव नगर के पास गेहूं लेकर जा रहा ट्रक दलदल हुई सड़क में फंस गया था। उसे निकालने को जेसीबी व क्रेन तक बुलाई गई। फंसे ट्रक को निकालते ही दूसरा ट्रक उस दलदल में जा फंसा। इससे वहा पर दोबारा जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
दलदल में फंसे वाहनों को निकलवाने को जेसीबी व क्रेन मालिक भी मुंह मांगा पैसा वसूल रहे हैं। जाम से बस यात्रियों, टैक्सी, दोपहिया वाहन चालकों समेत स्कूली छात्रों को दिक्कतें हो रही है। हालांकि पीडब्लूडी ने तालाब में तब्दील सड़क में पीली ईंटे गिरवाकर इतिश्री कर ली है।
हर्षित शुक्ला छोटू, मोहित उपाध्याय, शकील अहमद, राघवराम, पीयूष शुक्ला, शिवा पांडेय, संतोष गुप्ता, आमिर खान, आरिफ खान, शंकर सिंह, इंतियाज अली ,आफत अली आदि का कहना है कि अगर सड़क के दोनों ओर नालियां बनवा दी जाए तो समस्या से लोगों को काफी हद तक राहत मिल सकती है।