छह माह का प्रशिक्षण और परीक्षा दे चुुके जिले के 1963 प्रशिक्षु शिक्षकों को मौलिक नियुक्ति न मिलने से आए दिन आंदोलन होता रहा। बीते दिन सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा ने शासनादेश जारी कर 25 अक्टूबर तक विज्ञप्ति जारी करने का निर्देश दिया है और साथ ही विज्ञप्ति जारी होने के 15 दिन के अंदर मौलिक नियुक्ति देने का निर्देश दिया है।
प्रशिक्षु शिक्षक-2011 के भर्ती शिक्षकों का तीन माह का सैद्घांतिक एवं तीन माह का क्रियात्मक प्रशिक्षण बीते 24-25 अगस्त को ही पूरा हो गया है। इसके बाद प्रशिक्षु शिक्षकों की परीक्षा भी हो चुकी है।
गोंडा में 1963 प्रशिक्षु शिक्षकों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। इसके बाद उक्त प्रशिक्षु शिक्षकों ने विद्यालयों में कार्यभार भी ग्रहण कर लिया, लेकिन मौलिक नियुक्ति न होने से इन शिक्षकों को वेतन का भुगतान नहीं हो सका।
इसे लेकर प्रशिक्षु शिक्षकों की ओर से कई बार आंदोलन किया गया। 14 अक्टूबर को सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा ने शासनादेश जारी कर प्रशिक्षु शिक्षकों को मौलिक नियुक्ति प्रदान करने का निर्देश सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को दिया है।
इस बाबत जिले के प्रशिक्षु शिक्षकों ने शुक्रवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिलकर उन्हेें तीन सूत्री मांग पत्र सौंपा। शिक्षक वैष्णवी नंदन शुक्ला, महिमा दूबे, गरिमा निधि, छाया श्रीवास्तव, मंजू कनौजिया, वीरेंद्र मिश्रा, राहुल श्रीवास्तव आदि ने बीएसए से मांग की कि सचिव के आदेश के क्रम में तत्काल विज्ञप्ति जारी कर 30 अक्टूबर तक प्रक्रिया पूरी की जाए।
साथ ही प्रशिक्षु शिक्षकों का अवशेष बकाया भुगतान किया जाए तथा मूल अभिलेखों का सत्यापन भी कराया जाए। इस संबंध में बीएसए डॉ. फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि आदेश मिल चुका है। तय समय में शिक्षकों को मौलिक नियुक्ति प्रदान कर दी जाएगी।