नवरात्र के चौथे दिन शुक्रवार को मां चंद्रघंटा की आराधना की गई। देवी भजनों से भक्ति की धाराएं बहती रहीं जिसमें श्रद्धालु गोते लगाते रहे। नवरात्र के उल्लास का जादू श्रद्धालुओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। मंदिरों में सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहता है।
खैरा भवानी, काली भवानी मंदिर, मंशा देवी, बेल्लही माता, मां बाराही देवी, मेहनौन देवी थान, मुंगरौल माईथान सहित विभिन्न देवी मंदिरों पर श्रद्धालुुओं की भीड़ से मेले जैसी स्थिति रहती है।
खैरा भवानी में शुक्रवार का दिन होने के कारण श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। मंदिर के महंथ कैलाशनाथ गिरि ने बताया कि इस बार गुजरात से लाई गई माता जी की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र है जिसे देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है।
इसी तरह बस स्टाप स्थित मां भगवती मंदिर में भी प्रतिदिन महिलाओं द्वारा आराधना, भजन करते हुए सामूहिक आरती की जा रही है। हर कोई देवी को प्रसन्न करने में जुटा है।
मंदिरों के साथ स्कूलों में भी नवरात्र की धूम दिख रही है। स्कूलों में देवी मां के आराधना का मंचन हो रहा है तो कई जगह थाल सजावट सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।