गोंडा। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईएससीई) की ओर से घोषित आईएससी (12वीं) और आईसीएसई (10वीं) के परीक्षा परिणाम में इस बार गोंडा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। परिणाम जारी होते ही स्कूलों और विद्यार्थियों के घरों में जश्न का माहौल हो गया। स्कूलों में मिठाइयां बांटकर मेधा को सम्मान दिया गया। मेधावियों के घरों में उत्सव सा माहौल दिखा।
सुबह से स्कूलों में गहमागहमी रही। करीब 11 बजे परिणाम देखते ही मेधावी खुशी से उछल पड़े। जिले के इंदिरा इंटरनेशनल स्कूल, यशमय वर्ल्ड स्कूल और मनकापुर स्थित फातिमा इंटर कॉलेज के 285 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। इनमें 10वीं के 189 और 12वीं के 69 परीक्षार्थी शामिल रहे। इस वर्ष परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
आईएससी (12वीं) परीक्षा में आवास विकास कॉलोनी निवासी धैर्य टंडन ने 98.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वह यशमय वर्ल्ड स्कूल के छात्र हैं। दूसरे स्थान पर इसी विद्यालय की चैतन्या माहेश्वरी रहीं। उन्हें 95 प्रतिशत अंक िमले। तीसरे स्थान पर फातिमा इंटर कॉलेज मनकापुर के आर्यन सिंह ने 93.5 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
आईसीएसई (10वीं) परीक्षा में भी यशमय वर्ल्ड स्कूल का दबदबा देखने को मिला। यहां के छात्र प्रतीक सिंह यादव ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से यशमय वर्ल्ड स्कूल की मनहा शमसी व फातिमा इंटर कॉलेज की कल्पना सिंह कनौजिया रहीं। दोनों छात्राओं को 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं।
यशमय की प्रगति गुप्ता ने 95.2 प्रतिशत अंक पाकर तीसरे स्थान पर रहीं। 10वीं की परीक्षा का केंद्र इंदिरा इंटरनेशनल स्कूल और 12वीं का केंद्र यशमय वर्ल्ड स्कूल बनाया गया था।