शहर में पार्किंग की व्यवस्था न होने से लगा जाम। - संवाद
गोंडा। शहर में पार्किंग व्यवस्था की कमी अब आमजन के लिए मुसीबत बनती जा रही है। शॉपिंग मॉल और बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहन सड़क और फुटपाथ पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
मुख्य मार्गों से लेकर तंग गलियों तक वाहन बेतरतीब खड़े नजर आते हैं। फुटपाथ, जो पैदल चलने वालों के लिए बने हैं, वे भी दोपहिया और चारपहिया वाहनों से पटे रहते हैं। ऐसे में राहगीरों को सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है। नगर पालिका परिषद अब तक शहर में सुनियोजित पार्किंग स्थल विकसित नहीं कर सका है। गांव और दूरदराज से आने वाले लोग मजबूरी में अपने वाहन सड़क पर ही खड़े करके खरीदारी करते हैं।
स्थानीय निवासी दुर्गा प्रसाद का कहना है कि शहर में पार्किंग की व्यवस्था शून्य है। जब तक अलग से पार्किंग स्थल नहीं बनेंगे, जाम की समस्या खत्म नहीं होगी।
शिवकुमार ने बताया कि मजबूरी में वाहन सड़क पर खड़े करने पड़ते हैं। प्रशासन को स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि लोगों को सुरक्षित पार्किंग मिल सके।
बिना पार्किंग वाले मॉल बंद हों
इस मुद्दे को लेकर इंडियन एसोसिएशन ऑफ लायर्स की बैठक जिलाध्यक्ष वीरेंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बिना पार्किंग वाले मॉल और बाजारों को बंद कराने की मांग उठाई गई। जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया। प्रांतीय सचिव दीनानाथ त्रिपाठी ने कहा कि शहर में कई मॉल बिना मानक और एनओसी के संचालित हो रहे हैं। जिन स्थानों पर पार्किंग होनी चाहिए, वहां दुकानें चलाई जा रही हैं। इससे जाम की समस्या विकराल हो गई है।