गोंडा महोत्सव के अंतर्गत पुलिस परेड ग्राउंड पर खेले जा रहे प्री क्वालीफाइंग मुकाबलों में सोमवार को परसपुर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। परसपुर के बालक व बालिका वर्ग की टीमों ने कबड्डी व वॉलीबॉल के अपने मैचों में शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। इसके अलावा वॉलीबॉल में बालिका वर्ग की झंझरी व करनैलगंज की बालक वर्ग की टीम ने भी अपने कबड्डी के मुकाबले को जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
गोंडा महोत्सव के अंतर्गत खेले जा रहे कबड्डी व वॉलीबॉल के मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार को करीब एक दर्जन मुकाबले कराए गए। जिला व्यायाम शिक्षक संजय सिंह ने बताया कि बालिका वर्ग के वॉलीबॉल के मुकाबले में परसपुर की टीम का मुकाबला पड़री कृपाल व मनकापुर की टीम से हुआ।
दोनों मैचों में परसपुर की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने मुकाबले में जीत हासिल की और फाइनल में प्रवेश किया। वही झंझरी की टीम ने भी अपने मैच को जीत कर फाइनल में जगह बनाई। बालिका वर्ग के कबड्डी के मैच में भी परसपुर की बालिकाएं दूसरी टीमों पर भारी पड़ीं।
यहां परसपुर की टीम ने नारी ज्ञानस्थली व पंडऱी कृपाल की टीम को मात देते हुए फाइनल में प्रवेश किया। वहीं बालक वर्ग के कबड्डी के मुकाबले में परसपुर टीम के खिलाड़ियों ने हलधरमऊ, करनैलगंज, गांधी विद्यालय रेलवे कॉलोनी व रुपईडीह की टीम को हराकर फाइनल में जबह बनाई।
इसके अलावा बालक वर्ग के वॉलीबॉल मुकाबले में कन्हैयालाल, करनैलगंज, बभनजोत, झंझरी, हलधरमऊ, तरबगंज व छपिया की टीमें अपने मैच जीतकर क्वाटर फाइनल राउंड में पहुंच गई है। इनके बीच मंगलवार को सेमीफाइनल स्तर तक के मुकाबले कराए जाएंगे।