7गोंडा। जिले में गुरुवार से जिले के क्रय केन्द्रों पर धान की खरीद शुरू हो जायेगी। इसके लिए जिले भर में कुल 73 क्रय केंद्र बनाये गये हैं। पीसीयू के 25 और यूपीएसएस के 19 धान खरीद केन्द्र पूरे जिले में स्थापित किये गये हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत धान क्रय केन्द्रों का निर्धारण कर दिया है।
डीएम की ओर से इस वर्ष धान खरीद के लिए खाद्य विभाग के 16, भारतीय खाद्य निगम के 01 क्रय केन्द्र, पीसीएफ के 12, पीसीयू के 25, यूपीएसएस के 19 क्रय केन्द्रों सहित कुल 73 क्रय केन्द्र बनाए गए हैं। शासन के निर्देशानुसार 15 अक्तूबर से धान खरीद चालू हो जाएगी। सभी केंद्र प्रभारियों को अपने संस्था के अनुमोदित समस्त क्रय केंद्रों को स्थापित कर समस्त व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गये हैं। डिप्टी आरएमओ लाल बहादुर गुप्ता ने बताया है कि समर्थन मूल्य योजना के तहत कॉमन धान का मूल्य 1868 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का मूल्य 1888.00 रुपये प्रति क्विंटल देय होगा। उन्होंने बताया है कि शासन द्वारा किसानों का धान खरीदने के लिए कुछ नई व्यवस्थाएं लागू की गई हैं जिसके अनुसार मंगलवार व शुक्रवार का दिन केवल सीमांत व लघु सीमांत कृषकों के लिए आरक्षित रहेगा। रविवार तथा समस्त राजपत्रित अवकाशों के दिन क्रय केंद्र बंद रहेेगें। डिप्टी आरएमओ ने बताया है कि राजस्व ग्रामों को क्रय केंद्रों से संबद्ध किया जाएगा। जिसका अनुमोदन डिप्टी आरएमओ, अपर जिलाधिकारी से प्राप्त करेगें। सभी क्रय केन्द्रों को गुरुवार से चालू करने के निर्देश दिये गये हैं।
बंटाई किसानों को भी मिलेगा सुविधा का लाभ
डिप्टी आरएमओ ने बताया कि शासन की ओर बंटाई कृषकों के धान भी खरीदने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए बंटाई पर लेने वाले किसान को लेखपाल की ओर से प्रमाणित सहमति पत्र लगाना होगा। उन्होंने बताया कि क्रय केन्द्र पर छंटाई, सफाई व उतराई के लिए प्रति क्विंटल 20 रुपये की दर से किसानों द्वारा देय होगा। उन्होंने कहा कि किसानों का धान क्रय केंद्र से कतई वापस नहीं किया जाएगा। धान क्रय के 72 घंटे के अंदर किसानों के मूल्य का भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से सीधे उनके खातों में किया जाएगा।