करनैलगंज (गोंडा)। सीएए के विरोध प्रदर्शन को रोकने में एक तरफ पुलिस व्यस्त है तो चोर पुलिस की व्यस्तता का फायदा भी उठाने में पीछे नहीं हैं। शनिवार को एक ही रात में पांच घरों में अलग-अलग चोरियां हुईं। जिसमें चोरों ने करीब दो लाख रुपये का जेवर व सामान पार कर दिया है।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम दत्तनगर के मजरा डयनियागंज में शनिवार की रात्रि चोरों ने पांच घरों में नगदी, जेवर, मोबाइल, साइकिल, कपड़े, अनाज चोरी कर ले गए। पीड़ितों में पंकज, प्रदीप, हरिनाथ, बेनी माधव एवं रिंकू ने बताया कि चोर किसी के छत से होकर घर में घुसे तो किसी के दरवाजे से घर के अंदर प्रवेश कर घर में रखे जेवर, कपड़े, नगदी, मोबाइल उठा ले गए।
रिंकू के यहां से चोर साइकिल, अनाज, मोबाइल ले गए, वहीं हरिनाथ, प्रदीप व बेनी माधव के घर से घर में रखा बक्सा, जेवर, नगदी ले गए। पंकज के घर से मोबाइल, नगदी व अन्य कीमती सामान उठा ले गए। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर दी है। हल्का दरोगा प्रेमानंद ने बताया कि मामला संज्ञान में उनकी ड्यूटी रात्रि में करनैलगंज नगर के एक चौराहे पर लगाई गई थी। वह वहां लगे हुए थे फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है चोरी का जल्द ही पर्दाफाश भी कर दिया जाएगा।