गोंडा। उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व जनपद न्यायाधीश डॉ. दीपक स्वरूप सक्सेना के निर्देश के अनुपालन में प्राधिकरण के सचिव कृष्ण प्रताप सिंह द्वारा वर्चुअल मोड से वृद्धाश्रम में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। वार्ता के दौरान सचिव ने वृद्धाश्रम में निवास कर रहे वरिष्ठ नागरिकों से उनके रहन-सहन, खान-पान एवं कोविड प्रोटोकॉल के बाबत जानकारी ली।
आश्रम के प्रबंधक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यहां कुल 70 वृद्धजन हैं। इनमें 30 महिला एवं 40 पुरुष शामिल हैं। शिविर के दौरान सचिव ने आश्रम में प्रवास कर रहे वरिष्ठ नागरिक रेवती रमण पांडेय, राम लखन कश्यप, जगराम गौतम, जगदीश भारती, किशोर चौबे व महादेव प्रसाद से वार्ता की तथा उनको विधिक अधिकारों की जानकारी दी।
उन्होंने आश्रय एवं भंडार, साफ-सफाई की व्यवस्था के लिए दिशा-निर्देश देते हुए कोविड-19 प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने को बताया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम के कुंवर शर्मा, संतोष प्रताप सिंह, सुरेंद्र कुमार दीक्षित व जेबी सिंह उपस्थित रहे।