उतरौला (बलरामपुर)। स्थानीय विकासखंड में सोमवार को आयोजित रोजगार मेले में 172 युवाओं का पंजीकरण कराकर आवेदन जमा किए गए। कंपनियां साक्षात्कार के बाद इनका समायोजन करेंगी। इसके बाद नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
ब्लॉक परिसर में आयोजित रोजगार मेले में महिंद्रा एंड महिंद्र, हिमालयन, पीपल ट्री ऑन लाइन, एलआईसी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय कौशल मिशन योजना के अंतर्गत रोजगार के लिए युवाओं का पंजीकरण कराया गया। मेले में आठ हजार से लेकर 35 हजार रुपये तक की नौकरी के लिए युवाओं को गुजरात, नोएडा, लखनऊ, मध्य प्रदेश व उड़ीसा सहित अन्य राज्यों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आवेदन जमा कराए गए। इसके बाद आवेदनों को शाॅर्टलिस्ट कर साक्षात्कार के बाद नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
सेवा योजन विभाग के अनुपम किशोर का कहना है कि रोजगार मेले में सिर्फ पंजीकरण व आवेदन जमा कराए जाते हैं। बाद में कंपनियां अपने हिसाब से साक्षात्कार लेकर उनकी नियुक्ति करतीं हैं। वृहद रोजगार मेले में कुछ कंपनियां बुलाई जाती हैं जो मौके पर ही नियुक्ति पत्र का वितरण करतीं हैं। मेले में सहायक निदेशक सेवायोजन आशा वर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनधि महिपाल चौधरी, ज्ञानेंद्र वर्मा, प्रधान सरताज अहमद, शहजाद हसन व मनीष श्रीवास्तव मौजूद थे।
इनसेट बेरोजगारों का छलका दर्द
भुरकुंडा निवासी रत्नेश ने बताया कि पढ़ाई जारी रखने के लिए रोजगार आवश्यक है। उसे नौकरी की जरूरत है। देखते हैं कि कहां मिलती है। इलेक्ट्रॉनिक ट्रेड से आईटीआई कर चुके यश विश्वकर्मा कहते हैं कि वे दुकान खोलना चाहते थे, इसके लिए बैंक से कर्ज मांगा था। कर्ज नहीं मिल पाया। वेतन कम है लेकिन, खाली बैठने से अच्छा है कुछ किया जाय। नसीम अहमद ने बताया कि वे बीसीए पास हैं। पहले नोएडा मल्टीनेशनल कंपनी में कार्य कर रहे थे। अगर नजदीक नौकरी मिलती है तो वहां करेंगे।