करनैलगंज (गोंडा)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रेवारी में कोरोना का पॉजिटिव केस मिलने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। क्वारंटीन स्थल के रूप में बनाए गए पूर्व माध्यमिक विद्यालय रेवारी के आसपास के गांव में भी लोगों में दहशत है। स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को कोरोना के पॉजिटिव मिले मरीज से कांट्रैक्ट ट्रेसिंग करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को रेवारी के एक किलोमीटर के एरिया को सील करने की तैयारी की जा रही है। हलधरमऊ के सीएचसी अधीक्षक डॉ एसपी वर्मा का कहना है कि ग्राम रेवाड़ी में 40 वर्षीय एक व्यक्ति 29 मई को मुंबई से आया था।
बताया जा रहा है कि वह 3 दिन अपने घर पर रुका था। उसके बाद सूचना के आधार पर उसे जूनियर हाई स्कूल रेवारी में क्वारंटीन कराया गया था। सैंपलिंग के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जानकारी मिली है। तत्काल प्रशासन को भी सूचना दिया गया है और युवक के कांट्रैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। जितने लोग उसके संपर्क में आए होंगे सभी का सैंपल शुक्रवार को कराया जाएगा और शुक्रवार को ही क्वारंटीन एरिया और उसके घर के बीच एक किलोमीटर के एरिया को सील करने की तैयारी की जा रही है। करनैलगंज प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह ने कहा कि जानकारी मिलने के बाद हल्का दरोगा बृजेश गुप्ता को गांव में भेजा गया था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिह्नित किए गए स्थल को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।