खरगूपुर (गोंडा)। प्राणनाथ मंदिर के पास मंगलवार को ट्रक-ट्राला की टक्कर में ट्रक चालक घायल हो गया। दोनों वाहनों की भिड़ंत के कारण जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी हुई। बलरामपुर चीनी मिल्स से खुइया भरकर एक ट्रक मैजापुर मिल जा रहा था। तभी पचुरखी मनोहर जोत गांव के मजरा मुरावन पुरवा के प्राणनाथ मंदिर के पास क्रय केंद्र से गन्ना लादकर बलरामपुर मिल के लिए निकल रहे ट्राॅला से उसकी भिड़ंत हो गई।
ट्रक चालक रोहित निवासी मुरादाबाद आंशिक रूप से घायल हो गया। महराजगंज जयप्रभाग्राम के ट्राला चालक अशोक तिवारी बाल-बाल बच गए। दोनों वाहनों की भिड़ंत से यहां घंटों जाम की स्थिति बनी रही। इसमें कई ट्रक व अन्य चौपहिया वाहन फंसे रहे। बाद में बलरामपुर चीनी मिल से क्रेन आने पर गन्ना हटाने के बाद जाम खुलवाया जा सका।