गोंडा। जिले के नरायनपुर रजबाहा, परसिया रजबाहा व खिराभा माइनर की खामियों को दूर करने के लिए शासन ने बजट स्वीकृत किया है। एक करोड़ रुपये से नहर में सुधार का कार्य कराया जाएगा।
सिंचाई की सुविधा दिलाने के उद्देश्य से जिले में सरयू नहर परियोजना चल रही है। किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए हर साल इसकी सफाई कराई जाती है, जहां ज्यादा दिक्कत होती उसके अलग से बजट की मांग की जाती है। इस बार सिंचाई विभाग की ओर से नहरों के मरम्मत के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। जिस पर शासन ने एक करोड़ 24 हजार रुपये सिंचाई विभाग को दिए हैं।
इस रुपये से दो रजबाहा व एक माइनर के मरम्मत और क्षमता बढ़ाने के लिए कार्य कराया जाना है। अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार साहू का कहना है कि शासन से बजट स्वीकृत हुआ है। उक्त नहरों में कई जगह खामियां थीं। इसमें सुधार कराया जाएगा।