गोंडा। जिला पंचायत सभागार में बृहस्पतिवार को विकास कार्यों को लेकर एक मैराथन बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री व गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह करेंगे। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विधायक, प्रमुख और अन्य जनप्रतिनिधि जिले में चल रहे विकास कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाएंगे।
बुधवार को विभागीय अधिकारी तैयारी में लगे रहे। दोपहर 12 बजे समिति के अध्यक्ष केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह और कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह की सह-अध्यक्षता में यह बैठक आयोजित की जाएगी। तरबगंज, करनैलगंज, मनकापुर, कटरा बाजार, गौरा, गोंडा और मेहनौन के विधायक, सभी ब्लॉकों के प्रमुख और अन्य प्रतिनिधि शामिल होंगे। इन जनप्रतिनिधियों की ओर से जिले के विकास कार्यों में व्याप्त अनियमितताओं और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर सवाल उठाए जाने की चर्चा है। दरअसल, पिछली बैठक में स्वास्थ्य विभाग में अनियमित खरीदारी का मामला खूब जोर-शोर से उछला था।
बैठक में कई अहम मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
बैठक में सड़क गुणवत्ता, बिजली आपूर्ति, जल जीवन मिशन, बेसिक माध्यमिक स्कूलों की स्थिति, सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन, पंचायतों, मनरेगा का नाम बदलकर नए कानूनों को लेकर तैयारी, पेंशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास, स्वयं सहायता समूहों में हुए सरकारी धन के दुरुपयोग समेत अन्य गंभीर मुद्दों पर अहम चर्चा की उम्मीद है।
पूर्व बैठक के मुद्दों पर भी होगी चर्चा
इसके अतिरिक्त, पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों, जैसे कि रिंग रोड के निर्माण की प्रगति, पर भी विशेष चर्चा की जाएगी। डीआरडीए परियोजना निदेशक सुशील कुमार पांडेय ने बताया कि सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को बैठक के संबंध में आवश्यक जानकारी दे दी गई है। बैठक निर्धारित समय पर शुरू की जाएगी, और इसमें जनहित के मुद्दों पर खुलकर चर्चा होगी।