गोंडा। जनपद के नोडल अधिकारी/प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम डॉ. राज शेखर ने सोमवार को जनपद पहुंचकर कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। अधिकारियों को अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं में जल्द से जल्द प्रगति लाने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने समीक्षा बैठक में विगत माह की बैठक व निरीक्षणों के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विभागवार जानकारी ली तथा प्रमुख रूप से समाज कल्याण विभाग, महिला कल्याण विभाग, पंचायतीराज, खाद्य एवं रसद विभाग, गौ आश्रय स्थलों के निर्माण एवं गौ वंशों का संरक्षण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, ऋण मोचन योजना, आयुष्मान भारत योजना, कन्या सुमंगला योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, बेसिक शिक्षा विभाग, गन्ना मूल्य भुगतान, ओडीओपी, विद्युत विभाग, जल निगम, धान खरीद, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन आदि विभागों की विधिवत समीक्षा की। उन्होंने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं में लक्ष्य के सापेक्ष निर्धारित समयावधि में प्रगति प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को डेढ़ लाख तक केसीसी का लाभ बिना किसी कागजी कार्यवाही के दिया जाना है। इसलिए कृषि विभाग व एलडीएम समन्वय बनाकर किसानों की केसीसी बनवाएं तथा बैंकों की मॉनीटरिंग भी करें। आयुष्मान भारत योजना में पात्रों का गोल्डन कार्ड बनाए जाने में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल वनटांगिया गांवों को सभी अनुमन्य सरकारी योजनाओं से आच्छादित कराने के निर्देश दिए।