जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज ने गुरुवार को आध्यात्मिक जन जागरण यात्रा के दौरान मथुरा मामले के मुख्य आरोपी रामवृक्ष का नाम जय गुरुदेव की संस्था से जोड़े जाने पर आपत्ति जताई और कहा कि ऐसे अपराधियों को दंड मिलना ही चाहिए।
उन्होंने बिहार की तरह देश में शराब पर पाबंदी लगाने, पूरे देश में बूचड़खानों को बंद करने की मांग उठाई। मथुरा के जवाहर बाग के हादसे की निंदा करते हुए कथित सत्याग्रहियों का नाम जयगुरुदेव आश्रम से जोड़े जाने पर नाराजगी जाहिर की।
गुरुवार को शाकाहार-सदाचार, मद्य निषेध तथा 50 दिवसीय आध्यात्मिक जनजागरण यात्रा के तीसवें दिन जय गुरुदेव संगत गोंडा द्वारा आयोजित एक विशाल सत्संग सभा के पूर्व आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा बाबा जयगुरुदेव के उत्तराधिकारी का दावा करने वाले पंकज ने जनजागरण यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वे शाकाहार का बिगुल फूंकने के लिए पूर्वांचल की धरती पर निकले हैं।
उन्होंने बताया कि हिंदू, मुस्लिम, सिख तथा ईसाई धर्मावलंबियों को जय गुरुदेव जी महाराज के जनहितकारी, समाज सुधार, चरित्र उत्थान, मानव निर्माण वा शाकाहार-सदाचार अपनाने तथा बुद्धिनाशक मादक पदार्थों से बचने के लिए संदेश सुनाने व जनजागरण करने के लिए उत्तर प्रदेश के 50 जिलों में यह जनजागरण यात्रा निकली गयी है।
इस अवसर पर कैंप के प्रवक्ता बाबूराम, डॉ. राजबहादुर चौधरी, डॉ. केके मिश्रा, संतराम चौधरी, रामचंद्र यादव, माता प्रसाद वर्मा, रामसरोज दुबे, जगराम वर्मा, रामप्रसाद दुबे आदि मौजूद रहे।