गोंडा। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा केंद्र को लेकर दावे व आपत्तियां अब सीधे बोर्ड लेगा। निस्तारण के बाद फाइनल सूची जारी की जाएगी।
दावे व आपत्ति के लिए 30 दिसंबर समय निर्धारित किया गया है। वहीं जिला स्तरीय कमेटी के आधार पर 143 केंद्रों पर मुहर लगाई गई है। जहां हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा करवाई जाएगी।
जिला स्तरीय कमेटी ने बोर्ड की ओर से जारी 131 केंद्रों की अंतरिम सूची पर दावे व आपत्तियां निस्तारण कर 143 केंद्रों की प्रस्तावित सूची भेजी थी।
मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा केंद्र की सूची जारी कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिला स्तरीय कमेटी के आधार पर केंद्र की सूची में कोई बदलाव नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि दूरी, धारण क्षमता समेत तमाम तरह की समस्याएं दूर हो गई हैं।
प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक शैलेश कुमार पटेल ने बताया कि बोर्ड स्तर से सभी 143 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होने के बाद अब दावे व आपत्तियां की स्थिति में 30 दिसंबर तक का समय दिया गया है।
सीधे माध्यमिक शिक्षा परिषद में दावे व आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेगी। निस्तारण के बाद बोर्ड परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जारी करेगा।
मान्यता प्राप्त विद्यालयों ने नहीं सौंपी सूची
जिले के लगभग 200 मान्यता प्राप्त विद्यालयों के जिम्मेदारों ने बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों की सूची नहीं दी है। इसे लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से विद्यालय प्रबंधन को नोटिस भेजा गया है। जबकि 15 अक्तूबर तक संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की नामावली व कोषपत्र जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को दिया जाना था।