गोंडा। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस के दूसरे बैच की प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके तहत प्रवेश प्रक्रिया अब 18 अगस्त से शुरू होगी।
पूर्व में जारी कार्यक्रम के अनुसार बृहस्पतिवार से मेडिकल कॉलेज में प्रवेश शुरू होना था। बुधवार शाम को कार्यालय महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण की ओर से नया शेड्यूल जारी कर दिया गया। जिसके अनुसार अब छात्र-छात्राओं का कॉलेज आवंटन पत्र 18 अगस्त से जारी होगा। 26 अगस्त को कॉलेज में रिपोर्ट कर प्रवेश लिया जा सकेगा। प्रवेश के लिए आठ दिन का समय दिया गया है।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने ने बताया कि प्रवेश की तैयारी पूरी कर ली गई थी। कमेटी गठित कर तीन काउंटर बनाए गए थे। अब नए शेड्यूल के अनुसार पहले स्टेट कोटे की 85 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा।
प्रत्येक वर्ष के लिए 36,000 रुपये फीस निर्धारित
एमबीबीएस के प्रत्येक वर्ष के लिए 36,000 रुपये फीस निर्धारित है। जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों का भी मात्र 1.80 लाख रुपये खर्च कर डॉक्टर बनने का सपना पूरा हो सकेगा। कम वार्षिक आय वाले परिवार के विद्यार्थियों को हॉस्टल की फीस भी बहुत कम देनी पड़ेगी। महिला व पुरुष हॉस्टल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया गया है।
ये दस्तावेज लाने होंगे
कॉलेज आवंटन पत्र, कक्षा 10 व 12वीं की मार्कशीट व प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, वैध पहचान पत्र (आधारकार्ड, पैनकार्ड या वोटरकार्ड), जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो तो), अन्य लागू आवश्यक दस्तावेज।