डीजीपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान में प्रशासन पूरी तरह जुटा हुआ है। अतिक्रमण करने के आरोप में प्रशासन ने बीते दिन 152 लोगों को नोटिस थमाया है। प्रशासन ने सभी को तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि जिले में विगत कई दिनों से सड़क से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क की पटरियों पर कब्जा जमाये दुकानदारों को हटवाया जा रहा है।
शुक्रवार को अभियान के तहत 152 अतिक्रमणकारियों को कड़ा निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया है। कोतवाली नगर में 12, थाना देहात में 29, महराजगंज तराई में 17, गौरा चौराहा में 7, तुलसीपुर में 10, गैसड़ी में 12, पचपेड़वा में 20, हरैया में 5, ललिया में 10, उतरौला में 16, रेहरा बाजार में 8 एवं सादुल्लाहनगर में 6 दुकानदारों को अतिक्रमण करने के आरोप में नोटिस दिया गया है।
इन लोगों को निर्देश दिया गया है कि शीघ्र ही सड़क एवं सड़क की पटरियों से अवैध अतिक्रमण हटा लिया जाए अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।