गोंडा। आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और गलत आख्या प्रस्तुत करने पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बीएसए अमित कुमार सिंह को कारण नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, कई अन्य अफसरों का वेतन रोक दिया है।
कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को बेसिक शिक्षा विभाग की जिला अनुश्रवण समिति की बैठक में डीएम ने विभागीय योजनाओं और आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। आईजीआरएस की शिकायत पर गलत आख्या देने के मामले में वजीरगंज के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सतीश चंद्र तिवारी का वेतन रोकने, विभागीय कार्रवाई करने और जिला मुख्यालय से संबद्ध करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत तेलियानी कानूनगो के सचिव देवेंद्र पांडेय को गलत आख्या देने पर निलंबित करने के निर्देश दिए गए। डीपीआरओ, डीपीओ तथा सीडीपीओ पंडरीकृपाल और मनकापुर का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने बीएसए से उन प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की सूची मांगी, जिनके ऊपर से हाईटेंशन विद्युत तार गुजर रहे हैं। साथ ही यह रिपोर्ट भी मांगी कि कितने विद्यालयों से तार हटाए जा चुके हैं और कितने में काम लंबित है। उन्होंने जर्जर विद्यालय भवनों की सूची और उनके ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का ब्योरा भी तलब किया। जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों के बैठने के लिए सीट-बेंच की व्यवस्था नहीं है, उनकी जानकारी भी मांगी गई। डीएम ने डीपीआरओ को ग्राम पंचायतों के माध्यम से ऐसे विद्यालयों में सीट-बेंच उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।