बलरामपुर। लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
आचार संहिता का अनुपालन पूरी सख्ती के साथ कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम की अगुवाई में गठित टीमें भी सक्रिय हो गई। शहरी व ग्रामीण इलाकों में लगे राजनीतिक पार्टियों के बैनर पोस्टर व हटवाने का कार्य भी व्यापक स्तर पर शुरू हो गया है।
जिले की श्रावस्ती संसदीय सीट का चुनाव में छठवें चरण में होगा। इसके तहत नामांकन प्रक्रिया का कार्य 29 अप्रैल से शुरू होकर 6 मई तक चलेगा जबकि मतदान 25 मई को होगा।
दोपहर बाद से ही पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की अगुवाई में गठित टीमें राजनीतिक दलों के लगे झंडे, बैनर व सीएम व पीएम के प्रचार होर्डिंग उतारने के अभियान में जुट गई हैं।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने आदर्श आचार संहिता का पालन हर स्थिति में पूरी कड़ाई के साथ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।
डीएम ने बताया कि निगरानी के लिए पूरे जिले में 36 उड़ाका दस्तों के साथ आठ वीडियोग्राफी टीमें गठित की गई हैं। चुनाव संबंधी कोई भी बैठक अथवा सभा अब अनुमति के बाद ही आयोजित हो सकेगी।
जिले की सीमाओं पर भी 42 स्टैटिक टीमें निगरानी को मुस्तैद रहेगी। बताया कि जिले की पांचों निकाय के अधिशासी अधिकारियों को बैनर पोस्टर हटाने के साथ दीवारों की
पुताई करवाने का निर्देश देने के साथ ही कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। यह दर्ज हर शिकायत का निस्तारण सौ मिनट में होगा।
गैसड़ी विस सीट का उप चुनाव भी साथ में
लोकसभा चुनाव के साथ ही गैसड़ी विधान सभा सीट का उपचुनाव भी होगा। यह सीट विधायक शिवप्रताप यादव के निधन से रिक्त हुई है। डीएम ने बताया कि दोनों चरणों के कार्यक्रम को देखते हुए चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह शांतिपूर्ण तरह से निपटाने की तैयारी की जा रही है।