गोंडा। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत मुफ्त टैबलेट पाने के लिए विद्यार्थियों को आवेदन नहीं करना होगा। पात्र छात्र-छात्राओं का पंजीकरण कॉलेज और विश्वविद्यालय करेंगे। संस्थान शैक्षणिक विवरण सत्यापित कर डीजी शक्ति पोर्टल पर अपलोड करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा, आईटीआई, पैरामेडिकल, नर्सिंग और कौशल विकास पाठ्यक्रमों के नियमित विद्यार्थी पात्र हैं। ब्योरा अपलोड होने के बाद विद्यार्थियों को digishakti.up.gov.in पर जाकर ‘ई-केवाईसी थ्रू मेरी पहचान पोर्टल’ विकल्प से आधार सत्यापन करना होगा। आधार से जुड़े मोबाइल पर आए ओटीपी को दर्ज करते ही प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि आधार और कॉलेज के रिकॉर्ड में नाम, जन्मतिथि व लिंग का विवरण समान होना चाहिए। अंतर होने पर ई-केवाईसी अटक सकती है। सत्यापन पूरा होने के बाद डाटा यूपी डेस्को को भेजा जाएगा। टैबलेट आवंटित होने पर वितरण की तारीख तय कर विद्यार्थियों को सूचना दी जाएगी।