फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नौ करोड़ खर्च कर मनाई धनतेरस

Mon, 09 Nov 2015 11:53 PM IST
बलरामपुर/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
धनतेरस के दिन जिले में गहने, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन व कपड़ों आदि के व्यापारियों ने करीब नौ करोड़ रुपये का व्यवसाय किया। परंपरा के मुताबिक धनतेरस के दिन लोगों ने किसी न किसी चीज की खरीदारी अवश्य की। त्यौहार के चलते देर रात तक बाजार गुलजार रहा। त्यौहार की श्रद्धा महंगाई पर पूरी तरह से हावी दिखी।
विज्ञापन


अच्छे व्यवसाय के चलते जहां व्यापारी काफी खुश दिखे, वहीं ग्राहकों में भी त्यौहार का उत्साह दिख रहा था। टीवी, फ्रिज व रंग-बिरंगी लाइटों की खरीद के प्रति लोगों ने खासी दिलचस्पी दिखाई। आर्थिक सामर्थ्य के मुताबिक लोगों ने जमकर खरीददारी की।

जिले में धनतेरस के दिन करीब 150 दोपहिया तथा 50 चौपहिया वाहनों की बिक्री हुई। आटोमोबाइल व्यापारी सनी बजाज ने बताया कि धनतेरस के शुभ अवसर पर जिले में करीब चार करोड़ रुपये के वाहन बिके। शोरूम में दिनभर ग्राहकों की भीड़ जुटी रही। कुछ लोगों ने कंपनियों द्वारा वाहन खरीद पर दिये गए फाइनेंस ऑफर के तहत भी वाहन खरीदा।
विज्ञापन


धनतेरस के दिन गहनों की खरीद शुभ मानी जाती है। धनतेरस पर लोगों ने सोने-चांदी के डिजाइनर गहनों के साथ चांदी के सिक्कों की भी खूब खरीददारी की। सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस के दिन जिले में करीब दो करोड़ रुपये का सराफा व्यवसाय हुआ है। लोगों को कोलकाता के डिजाइन किए गए गहने खूब पसंद आए।

धनतेरस के दिन जिले में बर्तन का कारोबार करीब एक करोड़ रुपये का हुआ। लोगों ने बर्तनों की जमकर खरीदारी की। एल्युमीनियम, स्टील के साथ-साथ तांबा, पीतल व फूल के बर्तन भी लोगों ने खरीदे। पुराने बर्तनों को बदलकर नए बर्तन भी खरीदे गए। बर्तन व्यापारी कुलदीप ने बताया कि धनतेरस में नॉनस्टिक कुकुर, पैन व कड़ाही के साथ-साथ स्टील के चम्मच, गिलास भी खूब बिके।

दीवाली त्यौहार में धनतेरस के दिन फैशन मार्ट की दुकानें भी गुलजार रहीं। बच्चों से लेकर बड़ों तक ने अपनी-अपनी पसंद के कपड़े खरीदे। बच्चों ने मोदी सूट की खूब डिमांड की। कपड़ा व्यापारी राजन मिश्र ने बताया कि धनतेरस के दिन जिले में करीब 50 लाख रुपये के कपड़ों की बिक्री हुई। मंगलवार तथा बुधवार को भी कपड़ों की बिक्री होने की संभावना जताई जा रही है।

धनतेरस के दिन इलेक्ट्रॉनिक शोरूमों पर भी ग्राहकों ने जमकर खरीददारी की। लोगों ने टीवी, फ्रिज वाशिंग मशीन व वाटर प्यूरीफायर खरीदकर धनतेरस को यादगार बनाया। इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी समर जावेद ने बताया कि धनतेरस के दिन जिले में करीब 1.5 करोड़ का कारोबार हुआ है। एलईडी टीवी तथा आटोमोटिव वाशिंग मशीन लोगों को खूब पसंद आई। इसके अलावा लोगों ने तरह-तरह के मोबाइल फोन की भी खरीद की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें