गोंडा। ई केवाईसी नहीं कराने वाले देवीपाटन मंडल के नौ लाख से अधिक लोगों को सितंबर में भी निशुल्क राशन नहीं मिलेगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने उनके राशन कार्ड अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, ई- केवाईसी पूर्ण कराने पर कार्ड स्वतः बहाल हो जाएंगे। यदि निर्धारित समयावधि में यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो कुछ माह बाद ऐसे कार्डों को फर्जी मानते हुए विभागीय पोर्टल से स्थायी रूप से हटा दिया जाएगा।
मंडलीय उपायुक्त (खाद्य) विजयप्रभा ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत भारत सरकार देश के 80 करोड़ से अधिक लोगों को उनके राशन कार्ड पर प्रतिमाह निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराती है। अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति माह 14 किग्रा गेहूं व 21 किग्रा चावल तथा पात्र गृहस्थी कार्ड से संबद्ध प्रत्येक यूनिट पर दो किग्रा गेहूं व तीन किग्रा चावल वितरित किया जाता है।
भारत सरकार ने राशन कार्ड सत्यापन अभियान के तहत कार्ड में दर्ज प्रत्येक यूनिट की ई केवाईसी अनिवार्य की है। विभाग द्वारा कोटेदारों और अन्य माध्यमों से लोगों को जागरूक कर यह प्रक्रिया प्रारंभ कराई गई थी, परंतु मंडल के कुछ जिलों में इसकी प्रगति अपेक्षाकृत धीमी रही। शासन स्तर से सख्ती बरते जाने के बाद पिछले माह ऐसे कार्डधारकों का राशन रोक दिया गया। सितंबर में ई केवाईसी न कराने वाले कार्डधारकों के नाम विभागीय पोर्टल से अस्थायी रूप से हटा दिए गए हैं। उनके नाम कोटेदारों की ई पॉस मशीन पर भी प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। इस स्थिति में चालू माह में उन्हें राशन उपलब्ध नहीं हो पाएगा।
देवीपाटन मंडल के चार जिलों गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में नौ लाख से अधिक लोग इस श्रेणी में आते हैं। हालांकि पांच वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों को ई केवाईसी से मुक्त रखा गया है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि ऐसे कार्डधारकों का नाम पोर्टल से हटाया नहीं गया है, बल्कि उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर अदृश्य कर दिया गया है। जैसे ही ई केवाईसी पूर्ण होगी और पोर्टल अपडेट किया जाएगा, संबंधित नाम पुनः पोर्टल व ई पॉस मशीन पर दिखने लगेंगे। सामान्यतया प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में पोर्टल अपडेट किया जाता है। अतः जो कार्डधारक सितंबर के अंत तक ई केवाईसी करा लेंगे, उन्हें अक्तूबर से राशन मिलना शुरू हो जाएगा।
ई केवाईसी का विवरण (16 सितंबर 2025 की स्थिति)
जिला
कुल यूनिट
शेष ई केवाईसी
बहराइच 25,94,045-3,69,490
गोंडा 24,76,430-3,11,997
बलरामपुर
15,53,402-1,45,116
श्रावस्ती 8,75,690-79,543
कुल
74,99,567-9,06,146